बिलासपुर। रतनपुर थाना क्षेत्र के मेला ग्राउंड स्थित एक दुकान में चोरी करने के बाद आग लगाने के मामले में पुलिस ने आरोपी को घटना के चंद घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की रकम में से 1,116 रुपये नकद बरामद किए हैं। आरोपी की पहचान 19 वर्षीय गणेश सूर्यवंशी के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक 25 सितंबर को भेंड़ीमुड़ा निवासी दुर्गा कश्यप ने रतनपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि मेला ग्राउंड स्थित उनकी दुकान में अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग से दुकान में रखा किराना सामान, फ्रिज, कूलर, पंखा, कुर्सी-टेबल और दैनिक उपयोग का सामान पूरी तरह जल गया। आगजनी में करीब 5 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया।
रिपोर्ट के बाद पुलिस ने घटनास्थल के आसपास जांच शुरू की। इस दौरान स्थानीय लोगों ने पुलिस को एक संदिग्ध व्यक्ति के बारे में जानकारी दी, जो घटना के आसपास संदिग्ध अवस्था में घूम रहा था। थाना प्रभारी के निर्देश पर पुलिस टीम ने संदेही की तलाश शुरू की और कुछ ही घंटों में गणेश सूर्यवंशी को हिरासत में लिया।
चोरी के बाद माचिस से लगाई आग
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने दुकान में चोरी की नीयत से अंदर घुसने और वहां रखी पेटी से 3,800 रुपये चोरी करने की बात बताई। इसके बाद उसने दुकान में रखी माचिस से आग लगा दी। आरोपी ने चोरी की रकम में से 2,684 रुपये खाने-पीने में खर्च कर दिए, जबकि शेष 1,116 रुपये उसके पास मिले, जिन्हें पुलिस ने बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पूर्व में भी आपराधिक मामलों के चलते जेल जा चुका है।