फतेहपुर। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के बिंदकी क्षेत्र के मीरखपुर मोहल्ले में एक कारोबारी ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। जहर खाने से पहले कारोबारी ने कथित तौर पर एक सुसाइड नोट की तस्वीर फेसबुक स्टोरी पर पोस्ट की थी। इसमें उसने अपने भाई और भाभी पर कारोबारी हिस्सेदारी में हक मारने का आरोप लगाया।
जानकारी के मुताबिक, जयप्रकाश क्षेत्र के कारोबारी थे और लाई व दाना-पट्टी का कारखाना चलाते थे। शनिवार को उन्होंने जहर खा लिया। हालत गंभीर होने पर परिजन उन्हें इलाज के लिए कानपुर ले गए, जहां देर शाम उनकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने उनका मोबाइल देखा तो फेसबुक स्टोरी पर सुसाइड नोट की तस्वीर मिली। नोट में जयप्रकाश ने आरोप लगाया कि बड़े भाई और भाभी ने साझेदारी का वादा कर कई वर्षों तक कारखाने में काम कराया, लेकिन बाद में उन्हें उनके अधिकार से वंचित कर दिया गया।
पत्नी ने पुलिस को दी तहरीर
रविवार को मृतक की पत्नी नीलम ने बिंदकी कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। नीलम का आरोप है कि कल्यानपुर के गौसपुर स्थित कारखाना दोनों भाइयों के नाम पर ‘ओम जय ट्रेडर्स’ के नाम से संचालित था। आरोप है कि बड़े भाई और भाभी ने साजिश के तहत उनके पति को कारखाने से बाहर कर दिया और उनकी मेहनत की रकम देने से भी इनकार कर दिया।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। कारोबारी की आत्महत्या के पीछे बताए जा रहे कारणों और सुसाइड नोट में लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है।