तुमगांव। महासमुंद जिले में देर रात राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर बड़ा हादसा हो गया। कोडार के पास सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। घटना रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है। कुछ ही देर में आग ने पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया।
बताया गया कि ट्रक में आग लगते ही लपटें तेजी से फैलने लगीं। ड्राइवर के मुताबिक आग इतनी भीषण थी कि ट्रक को बचाने का मौका नहीं मिल सका। हालांकि, घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई और सभी लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और उसे आसपास फैलने से रोक लिया। फिलहाल ट्रक में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। तुमगांव पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।