Headlines

मिर्ची की बोरियों में मिला गांजा, कीमत 2 करोड़, जशपुर में मिनी ट्रक से हुई जब्ती, दो तस्कर गिरफ्तार

जशपुर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत जशपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 440.63 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस ने गांजा तस्करी के आरोप में उत्तर प्रदेश के प्रयागराज निवासी दो युवकों को गिरफ्तार किया है। तस्करों ने गांजे को मिर्ची की बोरियों के नीचे छिपाकर टाटा आईसर मिनी ट्रक से उड़ीसा से उत्तर प्रदेश ले जाने की तैयारी की थी।

पुलिस के अनुसार, 2 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 9 बजे लावाकेरा पुलिस चेकिंग बैरियर पर एंटी नारकोटिक्स टीम और थाना तपकरा पुलिस की संयुक्त टीम वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान उड़ीसा की ओर से आ रहे टाटा आईसर मिनी ट्रक क्रमांक UP-71-T-6592 को संदेह के आधार पर रोककर जांच की गई।

वाहन में सवार दोनों व्यक्तियों ने अपना नाम मो. वसीम (28 वर्ष) और मो. आसिफ (34 वर्ष) बताया। दोनों ग्राम मुंडेरा, थाना ढूंमनगंज, जिला प्रयागराज, उत्तर प्रदेश के निवासी हैं। पूछताछ में उन्होंने ट्रक में मिर्ची की बोरियां लदी होने की जानकारी दी। पुलिस को संदेह होने पर बोरियों की बारीकी से जांच की गई।

जांच के दौरान ऊपर की ओर मिर्ची से भरी बोरियां मिलीं। इन्हें हटाने पर नीचे रखी बोरियों में टेप से लिपटे पैकेट दिखाई दिए। पैकेट खोलकर जांच करने पर उनमें गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में कुल 14 बोरियों से 440 पैकेट गांजा बरामद किया, जिसका कुल वजन 440.63 किलोग्राम पाया गया।

बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ 20 लाख 31 हजार 500 रुपये बताई गई है। इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त टाटा आईसर मिनी ट्रक की कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी गई है। इस तरह पुलिस ने कुल 2 करोड़ 40 लाख 31 हजार 500 रुपये की जप्ती की है।

उड़ीसा से प्रयागराज ले जा रहे थे गांजा

पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांजा उड़ीसा के बोध क्षेत्र से लेकर प्रयागराज जा रहे थे। हालांकि गांजा किस व्यक्ति से खरीदा गया था और उत्तर प्रदेश में इसे किसे पहुंचाया जाना था, इसकी जानकारी जुटाने के लिए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस तस्करी के पूरे नेटवर्क की एंड-टू-एंड विवेचना कर रही है और मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी जांची जा रही है।

दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना तपकरा में धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक प्रकरण में जो भी व्यक्ति संलिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

2026 में अब तक 1906 किलो गांजा जब्त

जशपुर पुलिस के अनुसार, जनवरी 2026 से अब तक गांजा तस्करी के 16 मामलों में करीब 8 करोड़ रुपये कीमत का 1906 किलोग्राम गांजा बरामद किया जा चुका है। इन मामलों में 22 तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त 17 कार और एक पिकअप वाहन भी जब्त किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *