रायगढ़। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए पुलिस ने सख्त अभियान चलाया है। जिलेभर में चलाए गए विशेष वाहन चेकिंग अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 631 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। इस दौरान 4 लाख रुपये का चालान काटा गया। वहीं शराब पीकर वाहन चलाने वाले 6 चालक भी पुलिस के हत्थे चढ़े।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में यह अभियान चलाया गया। एसएसपी ने हाल ही में आयोजित क्राइम मीटिंग में सड़क दुर्घटनाओं के बढ़ते आंकड़ों पर नाराजगी जताते हुए थाना प्रभारियों को प्रतिदिन यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। उन्होंने तेज रफ्तार और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर विशेष सख्ती बरतने के साथ यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने पर भी जोर दिया था।
पुलिस की चेकिंग के दौरान तेज रफ्तार, बिना हेलमेट, ट्रिपल सवारी, मालवाहक वाहनों में यात्रियों का परिवहन, बीमा और अन्य आवश्यक दस्तावेजों के अभाव सहित यातायात नियमों के विभिन्न उल्लंघनों पर कार्रवाई की गई। शराब पीकर वाहन चलाते पकड़े गए 6 चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस ने की सबसे ज्यादा कार्रवाई
अभियान के दौरान सबसे अधिक 165 वाहन चालकों पर यातायात पुलिस रायगढ़ ने कार्रवाई की। इसके अलावा थाना तमनार में 101, धरमजयगढ़ में 74, छाल में 33, लैलूंगा में 31, भूपदेवपुर में 27, सिटी कोतवाली में 26, जूटमिल में 25, कापू और खरसिया में 23-23, कोतरारोड़ में 22, घरघोड़ा में 20, पुसौर में 19, चक्रधरनगर में 14 और पूंजीपथरा में 8 वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई।