कांकेर। जिले के भानुप्रतापपुर थाना क्षेत्र के सेमरापारा में संतान होने की दवा देने के नाम पर एक महिला के साथ धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़िता मुनिया पटेल की शिकायत के अनुसार, कुछ लोग पहले दवा देने के नाम पर पहुंचे और बाद में हाथ की नाड़ी देखकर किसी के कुछ कर देने की बात कहते हुए कथित तौर पर उससे आभूषण उतरवा लिए। महिला ने आरोप लगाया है कि इस पूरी घटना में उसके साथ करीब 41 हजार रुपये की धोखाधड़ी हुई है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 27 सितंबर 2026 को पांच लोग उसके घर पहुंचे थे। इनमें राजनांदगांव जिले के टेडेसरा निवासी जोत कुमार ठाकुर भी शामिल था। उन्होंने संतान नहीं होने की दवा देने की बात कही और दवा की कीमत 3,700 रुपये मांगी। महिला के पति ने उनके बताए मोबाइल नंबर पर ऑनलाइन भुगतान कर दिया।
शिकायत के मुताबिक, 30 सितंबर को वही लोग दोबारा उसके घर पहुंचे। उन्होंने महिला की हाथ की नाड़ी देखकर कहा कि किसी ने कुछ कर दिया है, जिसकी काट करनी पड़ेगी। इसके लिए उन्होंने 12 हजार रुपये मांगे। पति ने रकम नहीं होने की बात कही तो आरोपियों ने काम होने के बाद पैसे देने की बात कही।
महिला का आरोप है कि इसके बाद उन लोगों ने कुछ तांत्रिक क्रियाएं कीं, जिसके बाद उसे कुछ याद नहीं रहा। इसी दौरान उससे पहना हुआ सोने का मंगलसूत्र, जिसकी कीमत करीब 35 हजार रुपये, और चांदी की पायल, जिसकी कीमत करीब 6 हजार रुपये उतरवाकर ले ली गई।
पीड़िता ने बताया कि इसके बाद आरोपियों ने घटना के बारे में किसी को बताने पर उसे और उसके पति को जान से मारने की धमकी दी। डर के कारण उसने तत्काल अपने पति को घटना की जानकारी नहीं दी। बाद में हिम्मत जुटाकर उसने पति को पूरी घटना बताई और पुलिस से शिकायत की। पीड़िता के अनुसार, आरोपियों द्वारा करीब 41 हजार रुपये की धोखाधड़ी की गई है। भानुप्रतापपुर पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।