रायपुर। PM मोदी के सरकार के प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूर्ण होने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री साय ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए प्रधानमंत्री मोदी की दीर्घ सार्वजनिक सेवा यात्रा को याद करते हुए उनके नेतृत्व और समर्पण की सराहना की।
सीएम साय ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सार्वजनिक जीवन की यात्रा आज विकसित, सशक्त और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के विराट संकल्प तक पहुंची है। प्रधानमंत्री मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी और 2025 में सरकार के प्रमुख के रूप में सेवा के 25वें वर्ष में प्रवेश किया था।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने नक्सलवाद जैसी गंभीर चुनौती के विरुद्ध किए गए निर्णायक प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे देश में शांति और सुरक्षा को मजबूती मिली है।
सीएम साय ने आगे कहा कि भारत की बढ़ती आर्थिक सामर्थ्य, आत्मनिर्भरता और वैश्विक विश्वास ने विश्व पटल पर देश की भूमिका को और सशक्त किया है। राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए जनसेवा के प्रति प्रधानमंत्री मोदी का निरंतर समर्पण सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कामना की कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत इसी तरह प्रगति और समृद्धि की राह पर निरंतर आगे बढ़ता रहे।