अंबिकापुर। लुंड्रा थाना क्षेत्र में नाबालिग छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव में आयोजित आर्केस्ट्रा कार्यक्रम देखने अपनी सहेली के साथ जा रही नाबालिग छात्रा को लिफ्ट देने के बहाने बाइक और स्कूटी सवार युवकों ने रोका और जंगल की ओर ले जाकर वारदात को अंजाम दिया।
जानकारी के मुताबिक, घटना सोमवार रात की बताई जा रही है। नाबालिग छात्रा अपनी सहेली के साथ गांव में आयोजित आर्केस्ट्रा देखने जा रही थी। इसी दौरान बाइक और स्कूटी से पहुंचे आरोपियों ने उसे लिफ्ट देने की बात कही। आरोप है कि इसके बाद उसे जंगल की ओर ले जाया गया, जहां चार आरोपियों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
घटना की जानकारी सामने आने के बाद लुंड्रा पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग समेत तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है। हिरासत में लिए गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है। पीड़िता की पहचान गोपनीय रखी गई है।