युवती को कार से जंगल ले जाकर रेप, बेवफा प्रेमी गिरफ्तार

जशपुर। पत्थलगांव थाना क्षेत्र में 19 साल की युवती को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार भी जब्त की है।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 5 अक्टूबर 2026 को पत्थलगांव थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उसने बताया कि 3 अक्टूबर की शाम करीब 7 बजे आरोपी रितेश यादव उसे कार में बैठाकर लुड़ेग झंडा घाट जंगल की ओर ले गया। वहां आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद घटना किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी और गाली-गलौज करते हुए शादी करने से इनकार कर दिया।

पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने पत्थलगांव थाने में अपराध क्रमांक 224/2026 दर्ज कर धारा 69, 296 और 351(3) बीएनएस के तहत जांच शुरू की। जांच के दौरान महिला पुलिस अधिकारी ने पीड़िता का बयान दर्ज किया। साथ ही प्रार्थिया और गवाहों के कथन लिए गए तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। परिजनों की सहमति से पीड़िता का महिला चिकित्साधिकारी से चिकित्सकीय परीक्षण भी कराया गया।

विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी रितेश यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी का चिकित्सकीय परीक्षण कराने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। मामले में पुलिस की आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *