Headlines

बस के इंतजार में खड़ी थी किशोरी, कार सवार ने किया अश्लील इशारे, अपहरण की भी कोशिश, गिरफ्तार

नाबालिग से छेड़छाड़ और अश्लील हरकत का आरोपी गिरफ्तार, XL6 कार जब्त

जशपुर। पत्थलगांव थाना क्षेत्र में किशोरी से छेड़छाड़, अश्लील इशारे करने और जबरन कार में बैठाने का प्रयास करने के मामले में पुलिस ने 19 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त XL6 कार भी जब्त की है।

पुलिस के अनुसार, 30 अगस्त 2026 को नाबालिग बालिका अपने घर से मौसी के घर जाने के लिए बस से निकली थी। दोपहर करीब 3 बजे वह रास्ते में बस का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान आरोपी निराकार यादव उर्फ रिंकू यादव (19 वर्ष) XL6 कार से वहां पहुंचा। आरोप है कि आरोपी ने नाबालिग की ओर अश्लील इशारे किए और कार से उतरकर उसका हाथ जबरन पकड़ लिया। इसके बाद उसे अपने साथ कार में चलने के लिए कहने लगा। नाबालिग के चिल्लाने पर आरोपी उसका हाथ छोड़कर कार लेकर मौके से फरार हो गया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि आरोपी इससे पहले भी नाबालिग का पीछा कर छेड़छाड़ और अश्लील हरकत कर चुका था।

घटना के संबंध में 31 अगस्त 2026 को नाबालिग के परिजन ने थाना पत्थलगांव में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 193/2026 दर्ज कर धारा 74, 351(2) बीएनएस एवं धारा 8 पॉक्सो एक्ट के तहत मामला कायम कर जांच शुरू की।

पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद आरोपी लगातार फरार चल रहा था। पुलिस टीम उसकी तलाश में जुटी थी। इसी दौरान 7 अक्टूबर 2026 को आरोपी को उसके गृह ग्राम से हिरासत में लिया गया। विवेचना के दौरान नाबालिग का महिला पुलिस अधिकारी द्वारा बयान दर्ज कराया गया तथा प्रार्थी और गवाहों के कथन लिए गए। आरोपी द्वारा घटना में प्रयुक्त XL6 कार को गवाहों के समक्ष प्रस्तुत किए जाने पर पुलिस ने उसे जब्त कर लिया। पुलिस के अनुसार, मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी निराकार यादव उर्फ रिंकू यादव को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *