नारी-कुरुद रोड पर संदिग्ध कार की तलाशी, गांजा जब्त, तस्कर गिरफ्तार

धमतरी। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत कुरुद पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार की तलाशी के दौरान 8 किलोग्राम गांजा बरामद किया। इसके साथ ही गांजा परिवहन में इस्तेमाल कार और मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। जब्त मशरूका की कुल अनुमानित कीमत 4 लाख 98 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कुरुद पुलिस को मुखबिर से गांजा परिवहन की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने नारी-कुरुद रोड पर भरदा चौक के आगे घेराबंदी की। इस दौरान संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें से 8 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर कार चालक को गिरफ्तार कर लिया और गांजा सहित अन्य सामग्री जब्त की।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान रामनाथ अंसारी (46), पिता नारायण अंसारी, निवासी गोबरा, थाना कुरुद, जिला धमतरी के रूप में की है। पुलिस के मुताबिक, जब्त सामग्री में 80 हजार रुपये कीमत का 8 किलोग्राम गांजा, लगभग 4 लाख रुपये कीमत की एक कार और 18 हजार रुपये कीमत का एक मोबाइल फोन शामिल है। इस तरह कुल 4 लाख 98 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।

इस मामले में थाना कुरुद में अपराध क्रमांक 336/2026 दर्ज किया गया है। आरोपी के विरुद्ध नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) अधिनियम की धारा 20(बी) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *