कंटेनर से 65 गौवंश मुक्त, 2 की मौत, कत्लखाने पहुंचने तक रेकी कर रही कार जब्त

जशपुर। जिले में गौवंश तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ‘ऑपरेशन शंखनाद’ के तहत पुलिस ने बगीचा थाना क्षेत्र के ग्राम खंटाडांड़ में एक कंटेनर ट्रक से 65 गौवंश बरामद कर मुक्त कराए। इनमें से दो गौवंश की मौत हो चुकी थी। पुलिस के अनुसार, गौवंशों को कंटेनर में अमानवीय तरीके से ठूंस-ठूंसकर भरा गया था। मामले में झारखंड निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। तस्करी में इस्तेमाल कंटेनर ट्रक के साथ रास्ते की रेकी करने के संदेह में एक मारुति सुजुकी एस-प्रेसो कार भी जब्त की गई है।

जशपुर पुलिस के अनुसार, 10 अक्टूबर की सुबह करीब 4:30 बजे सूचना मिली कि कंटेनर ट्रक क्रमांक NL-01-AB-7655 में अंबिकापुर की ओर से गौवंश भरकर बगीचा के रास्ते झारखंड ले जाए जा रहे हैं। सूचना के आधार पर डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर एसडीओपी निमितेश सिंह सहित पुलिस अधिकारियों और बगीचा थाना की टीम ने संयुक्त कार्रवाई की। पुलिस ने ग्राम पेटा में नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध कंटेनर पहुंचा। पुलिस को देखकर चालक ने वाहन रोकने के बजाय दूसरे रास्ते से भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने पीछा कर ग्राम खंटाडांड़ में कंटेनर को रोक लिया।

कंटेनर की तलाशी लेने पर उसके भीतर 65 गौवंश मिले। पुलिस के मुताबिक, उन्हें बेहद अमानवीय तरीके से ठूंस-ठूंसकर भरा गया था। इनमें से दो गौवंश मृत पाए गए। चालक से परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह प्रस्तुत नहीं कर सका।पुलिस ने गौवंशों को गवाहों के समक्ष बरामद किया और पशु चिकित्सक से उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया। मृत गौवंशों का विधिवत अंतिम संस्कार किया गया।

झारखंड का आरोपी गिरफ्तार, ट्रक जब्त

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान रेहान अंसारी (34), निवासी ग्राम सिसई, जिला गुमला, झारखंड के रूप में की है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह कंटेनर को अंबिकापुर की ओर से झारखंड ले जा रहा था। पुलिस ने गौवंश तस्करी में इस्तेमाल कंटेनर ट्रक को जब्त कर लिया है। मामले में थाना बगीचा में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6 और 10, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(क)(घ) तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 325 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, गौवंश तस्करी के लिए रास्ते की रेकी करने के संदेह में मारुति सुजुकी एस-प्रेसो कार क्रमांक JH-01-BR-9492 भी जब्त की गई है। कार से संबंधित एक अन्य आरोपी फरार बताया गया है, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस को मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता के संकेत भी मिले हैं। तस्करी नेटवर्क से जुड़े लोगों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

जनवरी से अब तक 1108 गौवंश मुक्त कराने का दावा

जशपुर पुलिस के मुताबिक, डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में जनवरी 2026 से अब तक गौवंश तस्करी के 98 मामलों में कार्रवाई की गई है। इन मामलों में कुल 1108 गौवंशों को मुक्त कराया गया, 131 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और तस्करी में इस्तेमाल 36 वाहन जब्त किए गए हैं। पुलिस ने कहा कि जिले में गौवंश तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *