यूपी। बागपत जिले में दोस्त की हत्या के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी मनोज पर अपनी पत्नी को लेकर कथित अभद्र टिप्पणी से नाराज होकर दो साल के भीतर अपने दो दोस्तों की हत्या करने का आरोप है। पहली वारदात वर्ष 2024 में हरियाणा के सोनीपत में हुई थी, जबकि दूसरी घटना बागपत के दोघट थाना क्षेत्र में सामने आई। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी पर पुलिस टीम पर फायरिंग करने का भी आरोप है। जवाबी कार्रवाई में घायल होने के बाद उसे पकड़ लिया गया।
मामला बागपत जिले के दोघट थाना क्षेत्र के इदरीशपुर गांव का है। यहां गन्ने के खेत में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार, सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले बच्चों ने खेत में शव देखा और ग्रामीणों को इसकी सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान गांव के निवासी पुष्पेंद्र के रूप में हुई।
हत्या की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास की जानकारी जुटाई और सर्विलांस की मदद ली। जांच में मृतक के दोस्त मनोज की लोकेशन घटनास्थल के आसपास मिलने की बात सामने आई। वारदात के बाद से उसके फरार होने की जानकारी मिलने पर पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि मनोज और पुष्पेंद्र खेत में बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान पुष्पेंद्र ने कथित तौर पर मनोज की पत्नी को लेकर अभद्र टिप्पणी कर दी। इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि गुस्से में मनोज ने पुष्पेंद्र का मुंह और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और शव को गन्ने के खेत में छोड़कर फरार हो गया।
सोनीपत में भी दोस्त की हत्या का आरोप
जांच के दौरान मनोज का पुराना आपराधिक इतिहास भी सामने आया। पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2024 में हरियाणा के सोनीपत में गार्ड की नौकरी के दौरान उसने अपने दोस्त योगेश की कथित तौर पर सरिये से पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। उस मामले में भी पत्नी को लेकर अभद्र टिप्पणी के कारण विवाद होने की बात सामने आई थी। इस प्रकरण में मनोज और उसकी पत्नी जेल गए थे। बाद में मनोज को जमानत मिल गई थी।
पुलिस पर फायरिंग के बाद गिरफ्तारी
बागपत पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी मनोज भगवानपुर नांगल गांव के पास मौजूद है। पुलिस टीम ने उसे पकड़ने के लिए घेराबंदी की, तभी आरोपी ने कथित तौर पर पुलिस पर गोली चला दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से मृतक पुष्पेंद्र का मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
सीओ बड़ौत अंशु जैन के मुताबिक, दोघट थाना क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले में आरोपी की तलाश की जा रही थी। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस पर फायरिंग हुई, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल हो गया। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।