हैदराबाद। तेलंगाना के रंगा रेड्डी जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मंडल सर्वेयर बतुका श्रीनिवासुलु और अब्दुल्लापुरमेट के तहसीलदार बी. सुधर्शन रेड्डी को रिश्वत के एक मामले में गिरफ्तार किया है। एसीबी के अनुसार, मंडल सर्वेयर को कथित तौर पर 2 करोड़ 20 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया। आरोप है कि यह रकम तहसीलदार के निर्देश पर शिकायतकर्ता से ली जा रही थी।
एसीबी के मुताबिक, दोनों अधिकारियों ने कथित तौर पर शिकायतकर्ता से शुरुआत में 2 करोड़ 30 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। बाद में यह रकम घटाकर 2 करोड़ 20 लाख रुपये कर दी गई। आरोप है कि यह राशि एचएमडीए के दिशा-निर्देशों के तहत लेआउट के लिए सर्वेक्षण कराने और संयुक्त निरीक्षण सर्वेक्षण रिपोर्ट जारी करने के बदले मांगी गई थी।
कार्रवाई के दौरान एसीबी की सीआईयू टीम ने अब्दुल्लापुरमेट क्षेत्र में मंडल सर्वेयर बतुका श्रीनिवासुलु को कथित तौर पर रिश्वत की रकम लेते हुए गिरफ्तार किया। एसीबी के अनुसार, उसके कब्जे से 2.20 करोड़ रुपये की राशि बरामद की गई।
एसीबी की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, मंडल सर्वेयर बतुका श्रीनिवासुलु और तहसीलदार बी. सुधर्शन रेड्डी को गिरफ्तार कर हैदराबाद के नामपल्ली स्थित एसपीई एवं एसीबी मामलों की प्रधान विशेष अदालत में पेश किया जा रहा है। मामले की जांच जारी है। सुरक्षा कारणों से शिकायतकर्ता की पहचान और उससे संबंधित विवरण गोपनीय रखे गए हैं।