अंबिकापुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रविवार को अंबिकापुर के पीजी कॉलेज मैदान में आयोजित ‘संभाग स्तरीय सरगुजा ओलंपिक-2026’ के समापन समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभाओं की जमकर सराहना की।
मुख्यमंत्री साय ने कार्यक्रम की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभाओं का उत्साह, ऊर्जा और हुनर अद्भुत है। उन्होंने कहा कि सरगुजा ओलंपिक ने हजारों युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान किया है।
गांव और वनांचल की प्रतिभाओं को मिलेगा बड़ा मंच
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि गांवों और दूरस्थ वनांचलों में छिपी खेल प्रतिभाओं को भी बड़े मंच उपलब्ध कराए जाएं, ताकि उनके सपनों को नई उड़ान मिल सके।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने और आगे बढ़ने का अवसर देते हैं। मुख्यमंत्री ने सरगुजा ओलंपिक में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
