Headlines

वनरक्षक भर्ती परीक्षा स्थगित, 13 दिसंबर को होने वाली लिखित परीक्षा टली

रायपुर। छत्तीसगढ़ में वनरक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल ने वन विभाग में वनरक्षक के रिक्त पदों के लिए आयोजित होने वाली द्वितीय स्तर की लिखित भर्ती परीक्षा को स्थगित कर दिया है। यह परीक्षा 13 दिसंबर 2026 को आयोजित होने वाली थी।

छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल द्वारा 29 नवंबर 2026 को जारी विज्ञप्ति के अनुसार, कार्यालय प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वनबल प्रमुख, छत्तीसगढ़, नवा रायपुर के पत्र के आधार पर परीक्षा स्थगित करने का निर्णय लिया गया है।

वन विभाग के पत्र के बाद लिया गया निर्णय

जारी आदेश में बताया गया है कि प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वनबल प्रमुख कार्यालय की ओर से 26 नवंबर 2026 को पत्र क्रमांक 1/320-9/6342 के माध्यम से वनरक्षक भर्ती की द्वितीय स्तर की लिखित परीक्षा स्थगित करने का लेख किया गया था। इसके बाद कर्मचारी चयन मंडल ने 13 दिसंबर 2026 को आयोजित होने वाली वनरक्षक पदों की द्वितीय स्तर की लिखित भर्ती परीक्षा को स्थगित कर दिया है।

नई परीक्षा तिथि का नहीं हुआ ऐलान

परीक्षा स्थगित होने से वनरक्षक भर्ती परीक्षा में शामिल होने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को अब नई तारीख का इंतजार करना होगा। हालांकि, जारी विज्ञप्ति में परीक्षा स्थगित करने के अलावा नई परीक्षा तिथि की कोई जानकारी नहीं दी गई है। इस संबंध में अभ्यर्थियों को छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी होने वाली आगामी सूचनाओं पर नजर रखने की सलाह दी जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *