रायगढ़। जिले में आज भीषण सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवती की दर्दनाक मौत हो गई। खरसिया के रानीसागर इलाके में तेज रफ्तार ट्रेलर ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी सवार युवती उछलकर सड़क पर जा गिरी। गंभीर चोटें आने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद घटनास्थल पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सड़क के बीच बाइक रखकर चक्काजाम कर दिया। लोगों ने मृतका का शव उठाने का विरोध किया और सड़क पर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
हादसे के बाद मौके पर जुटी भीड़
जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना खरसिया के रानीसागर क्षेत्र में हुई। तेज रफ्तार ट्रेलर ने स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में युवती सड़क पर गिर गई और उसकी जान चली गई। फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो पाई है।
पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से बातचीत कर चक्काजाम समाप्त कराने का प्रयास किया। हालांकि, आक्रोशित लोगों ने मृतका का शव उठाने से मना कर दिया।
ट्रेलर चालक फरार
बताया जा रहा है कि हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। स्थानीय लोगों में हादसे को लेकर भारी आक्रोश है और वे मृतका के शव को उठाने का विरोध कर रहे हैं।