Headlines

AIIMS के मरीजों की मदद के लिए CISF की पहल, देवली में आयोजित शिविर में जुटा 1100 यूनिट रक्त

देवली। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के रीजनल ट्रेनिंग सेंटर (RTC) देवली में आज मेगा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। CISF मुख्यालय नई दिल्ली और अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS), नई दिल्ली के समन्वय से आयोजित इस शिविर में कुल 1,100 यूनिट रक्तदान किया गया।

शिविर का उद्घाटन RTC देवली के DIG एवं प्रिंसिपल श्री नरेंद्र देव आनंद और AIIMS की मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पूनम कौशिक ने किया। इस अवसर पर CISF के प्रशिक्षुओं और जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वेच्छा से रक्तदान किया।

AIIMS में भर्ती मरीजों के उपचार में होगा रक्त का उपयोग

शिविर में एकत्रित किया गया पूरा रक्त AIIMS, नई दिल्ली में भर्ती मरीजों के उपचार में उपयोग किया जाएगा। इन मरीजों में देश के विभिन्न हिस्सों से आए लोग शामिल हैं। खास बात यह रही कि पूरा रक्तदान स्वैच्छिक और निःशुल्क किया गया।

रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा उद्देश्य

इस पहल का मुख्य उद्देश्य लोगों में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना, स्वैच्छिक रक्तदान को प्रोत्साहित करना और जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता मजबूत करना था।

इस मेगा रक्तदान शिविर के माध्यम से CISF RTC देवली ने मानवीय सेवा, सामाजिक जिम्मेदारी और जनकल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *