बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में कथित ब्लैकमेलिंग और करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी से जुड़े मामले में बिलासपुर पुलिस को एक और सफलता मिली है। होटल कारोबारी और न्यूज पोर्टल संचालक दीपक टंडन तथा उसकी पत्नी बरखा टंडन की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस ने फरार चल रहे कोमल प्रसाद चौबे को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे रायपुर के गोगांव के समीप सोनडोंगरी इलाके से पकड़ा है। बताया जा रहा है कि कोमल प्रसाद चौबे रिश्ते में दीपक टंडन का साला है और ‘द हनी बैजर’ नामक न्यूज पोर्टल से जुड़ा हुआ था। मामले में दीपक टंडन की गिरफ्तारी के बाद से ही कोमल फरार चल रहा था। उसकी तलाश में पुलिस लगातार जुटी हुई थी।
AI से तस्वीरों में बदलाव कर भ्रामक खबरें प्रसारित करने का आरोप
इस पूरे मामले की शुरुआत 29 अक्टूबर को हुई थी। राष्ट्रीय जगत विजन ग्रुप के प्रबंध संपादक मनीशंकर पांडे ने बिलासपुर के सिरगिट्टी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से उनकी तस्वीरों में बदलाव कर आपत्तिजनक और भ्रामक खबरें तैयार की गईं। शिकायतकर्ता के अनुसार, इन खबरों को न्यूज पोर्टल और सोशल मीडिया के माध्यम से प्रसारित किया गया। आरोप है कि ऐसा उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने और दबाव बनाकर रुपये वसूलने के उद्देश्य से किया गया था।
6 नवंबर को दीपक टंडन की हुई थी गिरफ्तारी
शिकायत के आधार पर जांच करते हुए पुलिस ने 6 नवंबर को रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर स्थित एक अपार्टमेंट से दीपक टंडन को गिरफ्तार किया था। इसके बाद पुलिस मामले में शामिल अन्य लोगों और उनकी भूमिका की जांच कर रही थी।
मुखबिर की सूचना पर सोनडोंगरी में दबिश
दीपक टंडन की गिरफ्तारी के बाद से कोमल चौबे फरार चल रहा था। इसी बीच पुलिस को मुखबिर से उसके रायपुर के सोनडोंगरी इलाके में मौजूद होने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर बिलासपुर की सिरगिट्टी पुलिस ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। कोमल चौबे की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस मामले में कथित ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस पूरे मामले में कितने लोग शामिल थे और उनकी क्या भूमिका रही।