ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में कैंसर पीड़ित कैदी के इलाज में लापरवाही का मामला सामने आया है। कैदी को दिल्ली के एम्स अस्पताल में फॉलोअप के लिए समय पर नहीं ले जाने पर हाईकोर्ट ने ग्वालियर के एसएसपी को पेशी के दौरान छह घंटे तक खड़े रहने की सजा दी। कोर्ट की इस कार्रवाई के बाद एसएसपी ने रक्षित निरीक्षक और एक कॉन्स्टेबल को निलंबित कर दिया है।
पूरा मामला ग्वालियर सेंट्रल जेल में बंद कैंसर पीड़ित बंदी नरहरि के इलाज से जुड़ा है। बताया गया है कि बंदी को इलाज के लिए दिल्ली स्थित एम्स अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे फॉलोअप के लिए बुलाया था। लेकिन पुलिस की लापरवाही के चलते बंदी समय पर अस्पताल नहीं पहुंच सका।
जेल प्रशासन ने 34 बार लिखा पत्र
जानकारी के अनुसार, दिसंबर में बंदी नरहरि को दिल्ली के एम्स अस्पताल ले जाया गया था। वहां डॉक्टरों ने उसे फॉलोअप के लिए मार्च में बुलाया था। बंदी को एम्स ले जाने के लिए जेल प्रशासन ने ग्वालियर पुलिस को 34 बार पत्र लिखे, लेकिन इसके बावजूद उसे समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाया जा सका।
इस लापरवाही का मामला हाईकोर्ट पहुंचा। पेशी के दौरान कोर्ट ने एसएसपी को छह घंटे तक खड़े रहने का आदेश दिया। इसके बाद एसएसपी ने मामले में जिम्मेदार रक्षित निरीक्षक और एक कॉन्स्टेबल को निलंबित कर दिया।
इलाज में देरी पर कोर्ट सख्त
कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे बंदी को समय पर इलाज और फॉलोअप नहीं मिल पाने के मामले में हाईकोर्ट की सख्ती सामने आई है। पुलिस की लापरवाही के चलते एक कैदी के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ने की आशंका के बीच अधिकारियों पर कार्रवाई की गई है।