Headlines

फर्जी CBI अधिकारी बनकर मनी लॉन्ड्रिंग में फंसाने की धमकी, धमतरी पुलिस ने आंध्रप्रदेश से साइबर अपराधी को दबोचा

धमतरी। जिले में फर्जी CBI अधिकारी बनकर मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में फंसाने और गिरफ्तारी का डर दिखाकर 13 लाख 30 हजार रुपये की साइबर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय आरोपी को पुलिस ने आंध्रप्रदेश से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने ठगी की रकम से वीवो कंपनी का मोबाइल फोन खरीदा था, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में की गई। मगरलोड पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और बैंक खातों की जांच के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई।

CBI अधिकारी बनकर किया फोन, केस खत्म करने के नाम पर मांगे रुपये

पुलिस के मुताबिक, घटना 21 अगस्त 2025 की शाम करीब 4:15 से 4:20 बजे के बीच की है। इस दौरान प्रार्थी के मोबाइल पर अज्ञात नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को CBI अधिकारी बताया और प्रार्थी को मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में फंसाने की धमकी दी।

आरोपी ने केस रफा-दफा करने के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों में रुपये जमा करने का दबाव बनाया। धमकी और गिरफ्तारी के डर से प्रार्थी ने RTGS के माध्यम से दो अलग-अलग बैंक खातों में 5 लाख 30 हजार और 8 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। इस तरह 13 लाख 30 हजार रुपये की ठगी की गई।

इसके बाद भी आरोपी ने और पैसों की मांग की, तब प्रार्थी को अपने साथ हुई साइबर ठगी का अहसास हुआ। शिकायत पर थाना मगरलोड में अपराध क्रमांक 128/2025 के तहत धारा 318(4) भारतीय न्याय संहिता और 66(घ) आईटी एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

बैंक खाते की जांच से आंध्रप्रदेश पहुंची पुलिस

विवेचना के दौरान पुलिस ने ठगी में इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर, बैंक खातों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच में सामने आया कि ठगी की रकम जिस बैंक खाते में जमा हुई थी, वह आंध्रप्रदेश के कडपा जिले के निवासी शेक घोष बासा के नाम पर दर्ज था।

इसके बाद धमतरी पुलिस की टीम आंध्रप्रदेश पहुंची और आरोपी के निवास पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 35(3) के तहत नोटिस तामील कराया। उसे पूछताछ के लिए थाना मगरलोड बुलाया गया।

ठगी की रकम से खरीदा था वीवो मोबाइल

पुलिस के अनुसार, थाना मगरलोड में गवाहों की मौजूदगी में पूछताछ के दौरान आरोपी ने ठगी की रकम प्राप्त करने तथा उससे वीवो कंपनी का मोबाइल फोन खरीदने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक वीवो मोबाइल फोन ई-साक्ष्य सहित जब्त किया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान शेक घोष बासा (32 वर्ष), पिता नजीर बासा, निवासी रायचोटी, मेघारा स्ट्रीट, मकान नंबर 13/175, थाना रायचोटी, जिला कडपा, आंध्रप्रदेश के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, कुरूद के समक्ष पेश किया। न्यायालय ने 11 दिसंबर 2026 तक न्यायिक रिमांड स्वीकृत की, जिसके बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *