रायपुर में अस्पताल की महिला सफाईकर्मी से दुर्व्यवहार, सुपरवाइजर के खिलाफ FIR दर्ज

रायपुर। राजधानी रायपुर में एक निजी अस्पताल की महिला सफाईकर्मी ने अपने सुपरवाइजर पर अभद्र गाली-गलौज करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने इस संबंध में आजाद चौक थाने में शिकायत की है। महिला के मुताबिक, काम को लेकर पहले से चल रहे विवाद के बाद 12 अक्टूबर 2026 की शाम अस्पताल के सामने सड़क पर सुपरवाइजर ने उसके साथ दुर्व्यवहार किया।

शिकायत के अनुसार, गुढ़ियारी निवासी उतरा यादव वर्ष 2022 से लाइफ बर्थ हॉस्पिटल में साफ-सफाई का काम कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल में उनके सुपरवाइजर धर्मेंद्र कुमार पाठक आए दिन देर से आने और ठीक से काम नहीं करने की बात को लेकर उनसे विवाद करते थे।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 12 अक्टूबर की शाम करीब 5 बजे वह अस्पताल में काम पूरा करने के बाद घर जाने के लिए निकली थीं। इसी दौरान अस्पताल के सामने सड़क पर उनकी मुलाकात सुपरवाइजर से हुई। आरोप है कि पुरानी बातों को लेकर सुपरवाइजर ने उनके साथ विवाद किया और कथित तौर पर अश्लील गाली-गलौज करने लगा।

महिला के मुताबिक, इस घटना को आसपास मौजूद लोगों ने देखा और सुना। इसके बाद उन्होंने पूरे मामले की जानकारी अपने पति मनोज यादव को दी और आजाद चौक थाने में शिकायत दर्ज कराई। धारा 296-BNS के तहत पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *