Headlines

दुर्घटना रोकथाम और सुरक्षित समाज का संदेश, रायपुर में आयोजित हुआ ISEI ग्लोबल एक्सीलेंस अवॉर्ड समारोह 2026

रायपुर। औद्योगिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों एवं संस्थानों को सम्मानित करने के उद्देश्य से इंस्टीट्यूशन ऑफ सेफ्टी इंजीनियर्स (इंडिया) द्वारा ISEI ग्लोबल एक्सीलेंस अवॉर्ड्स 2026 का भव्य आयोजन किया गया। 26 नवंबर को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक रायपुर के ग्रैंड इम्पीरिया होटल में आयोजित इस समारोह में दुर्ग सांसद विजय बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य औद्योगिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, गुणवत्ता प्रबंधन, आपदा प्रबंधन, सड़क सुरक्षा और सामुदायिक विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों, विशेषज्ञों एवं संस्थानों को सम्मानित करना तथा समाज में सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

समारोह की अध्यक्षता इंस्टीट्यूशन ऑफ सेफ्टी इंजीनियर्स (इंडिया) के चेयरमैन डॉ. एस. रामपुरी ने की। इस अवसर पर संस्था के डायरेक्टर डॉ. एम.एस. नवाज, छत्तीसगढ़ शासन के डिप्टी चीफ इंस्पेक्टर ऑफ फैक्ट्रीज डॉ. रज्जू कुमार एवं टी.के. साहू, पश्चिम बंगाल सरकार के पूर्व चीफ इंस्पेक्टर ऑफ फैक्ट्रीज तथा दिल्ली सरकार के अग्निशमन विभाग के पूर्व निदेशक सहित विभिन्न क्षेत्रों के वरिष्ठ अधिकारी, उद्योग प्रतिनिधि, सुरक्षा विशेषज्ञ और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

सांसद विजय बघेल ने सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण पर दिया जोर

मुख्य अतिथि सांसद विजय बघेल ने अपने संबोधन में कहा कि औद्योगिक सुरक्षा, दुर्घटनाओं की रोकथाम, पर्यावरण संरक्षण और आपदा प्रबंधन वर्तमान समय की महत्वपूर्ण आवश्यकताएं हैं। सुरक्षित कार्यस्थल, जागरूक समाज और स्वच्छ पर्यावरण के निर्माण के लिए सभी की सामूहिक भागीदारी जरूरी है। उन्होंने सुरक्षा और उत्कृष्ट कार्यों को प्रोत्साहित करने की दिशा में आईएसईआई द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

सुरक्षा संस्कृति को मजबूत बनाना संस्था का लक्ष्य : डॉ. रामपुरी

संस्था के चेयरमैन डॉ. एस. रामपुरी ने कहा कि आईएसईआई का उद्देश्य केवल सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाना नहीं, बल्कि दुर्घटनाओं की रोकथाम, हरित पर्यावरण के संरक्षण और सुरक्षित समुदायों के निर्माण के लिए निरंतर प्रयास करना भी है। संस्था प्रशिक्षण कार्यक्रमों, जागरूकता अभियानों, तकनीकी गतिविधियों और सम्मान समारोहों के माध्यम से समाज में सुरक्षा संस्कृति को मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने बताया कि आईएसईआई एक गैर-लाभकारी संस्था है, जो पिछले कई वर्षों से दुर्घटना रोकथाम, पर्यावरण सुरक्षा और आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में कार्य कर रही है। इसके साथ ही संस्था प्रशिक्षण के माध्यम से रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने और रोजगार प्राप्त करने में सहयोग करने का प्रयास भी करती है। संस्था भारत के साथ-साथ विदेशों में भी सक्रिय है।

विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को मिला सम्मान

समारोह के दौरान औद्योगिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण, गुणवत्ता प्रबंधन, आपदा प्रबंधन, यातायात एवं सड़क सुरक्षा और सामुदायिक विकास के क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली प्रतिष्ठित कंपनियों, व्यक्तियों और संगठनों को ISEI ग्लोबल एक्सीलेंस अवॉर्ड्स 2026 से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में जागरूकता और ज्ञानवर्धक सत्र भी आयोजित किए गए। इनमें देश-विदेश से आए प्रतिभागियों और विदेशी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विशेषज्ञों ने सुरक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और आपदा प्रबंधन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर अपने अनुभव और जानकारी साझा की।

विभिन्न उद्योगों, शैक्षणिक संस्थानों और संगठनों के प्रतिनिधियों की सहभागिता ने समारोह को विशेष गरिमा प्रदान की। कार्यक्रम का समापन अतिथियों, पुरस्कार विजेताओं, सहयोगी संस्थानों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए किया गया।

इस आयोजन की थीम “दुर्घटनाओं की रोकथाम, हरित पर्यावरण एवं सुरक्षित समुदायों की ओर” रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *