गंगा नदी में 14 मौतें, नाव पलट गई

हाजीपुर। बिहार के हाजीपुर में मंगलवार देर शाम गंगा नदी में नाव पलटने से बड़ा हादसा हो गया। हादसा राघोपुर विधानसभा क्षेत्र के रामपुर श्यामचंद गांव के पास हुआ। नाव पर 20 से अधिक लोग सवार थे। इस दुर्घटना में 14 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि छह लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीन लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। मृतकों में ज्यादातर बच्चे बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, नाव पर सवार लोग भोज खाने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान गंगा नदी में नाव पलट गई और उसमें सवार लोग नदी में गिर गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया।

हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। अपने परिजनों को खोने वाले परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मृतकों की पहचान करने और उनके परिजनों को सूचना देने में जुटी है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया है।

बिहार सरकार ने हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। फिलहाल नाव पलटने के कारणों की विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। प्रशासन मामले की जांच कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *