दुर्ग। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलगांव पुलिस ने राजस्थान निवासी तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 15.737 किलोग्राम गांजा और तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करने के बाद तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 13 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि तीन व्यक्ति पुराना पुल पुलगांव नाला के पास हनुमान मंदिर के बगल में गांजा लेकर ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान कालू राम माहिया (19 वर्ष), अभिमन्यु सिंह (20 वर्ष) और रामानंद चौधरी (18 वर्ष 3 माह) के रूप में हुई है। तीनों राजस्थान के निवासी बताए गए हैं। तलाशी के दौरान उनके पास रखे पिट्ठू बैग से कुल 15.737 किलोग्राम गांजा और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए।
इस मामले में थाना पुलगांव में अपराध क्रमांक 902/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) और 29 में अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।