मां ने ही 1.80 लाख रुपये में बेचा अपना बच्चा, जशपुर पुलिस ने पश्चिम बंगाल से सकुशल किया बरामद

जशपुर। जिले में बच्चे की खरीद-फरोख्त का गंभीर मामला सामने आया है। कुनकुरी पुलिस ने करीब 9 से 10 माह के बच्चे को पश्चिम बंगाल से सकुशल बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, बच्चे की मां यशोदा यादव पर उसे 1 लाख 80 हजार रुपये में बेचने का आरोप है। मामले में मां समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

शिकायत के बाद पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, 12 अगस्त 2026 को कुनकुरी निवासी लक्ष्मी बाई ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनके पुत्र शंकर चौहान को पिता की मृत्यु के बाद अनुकंपा नियुक्ति मिली थी और वह यशोदा यादव के साथ रहता था। यशोदा ने 18 दिसंबर 2025 को एक बच्चे को जन्म दिया था। आरोप है कि मार्च 2026 में बच्चे को बेच दिया गया।

शिकायत के आधार पर कुनकुरी थाने में अपराध क्रमांक 149/2026 के तहत किशोर न्याय अधिनियम की धारा 81 तथा भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 143(4) और 61(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पश्चिम बंगाल तक पहुंची पुलिस की जांच

विवेचना के दौरान पुलिस ने पश्चिम बंगाल निवासी सुकरू आलम उर्फ बंगाली को गिरफ्तार कर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में बच्चे को पश्चिम बंगाल निवासी शेख अलविन तक पहुंचाने की जानकारी सामने आई। इसके बाद डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में विशेष पुलिस टीम पश्चिम बंगाल भेजी गई।

वहां शेख अलविन से पूछताछ में कथित तौर पर सामने आया कि उसने मार्च 2026 में यशोदा यादव के बच्चे को 1 लाख 80 हजार रुपये में खरीदा था और अपनी बेटी को दे दिया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बच्चे को सकुशल बरामद किया और उसे सुरक्षित संरक्षण में लिया।

मां समेत पांच आरोपी गिरफ्तार

इस मामले में पुलिस ने यशोदा यादव, सुकरू आलम उर्फ बंगाली, शेख अलविन, निर्मला तिर्की और फूलकुंवारी यादव को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

बच्चे की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी कुनकुरी निरीक्षक भूपेंद्र सिंह चंद्रा, सहायक उप निरीक्षक नीता कुर्रे, प्रधान आरक्षक अलीका पैंकरा, ढलेश्वर यादव और आरक्षक आलोक तिर्की की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *