जंगल के रास्ते मवेशी तस्करी, पुलिस ने की घेराबंदी, भाग खड़े हुए तस्कर

जशपुर। जशपुर जिले में गौ तस्करी के खिलाफ पुलिस का ऑपरेशन शंखनाद लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत मनोरा पुलिस ने ग्राम मूटू जकबा के जंगल से 10 गौवंशों को तस्करों के चंगुल से सकुशल मुक्त कराया है। पुलिस को देखकर संदिग्ध तस्कर अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 14 अक्टूबर की शाम करीब 4:30 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग ग्राम मूटू जकबा के जंगल के रास्ते गौवंशों को बेरहमी से मारते-पीटते हुए पैदल झारखंड की ओर ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही मनोरा पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और तत्काल टीम के साथ मौके के लिए रवाना हुई।

जंगल में पहुंचने पर पुलिस ने कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को गौवंशों को तेजी से हांककर ले जाते देखा। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस को देखते ही संदिग्ध गौ तस्कर गौवंशों को छोड़कर अंधेरे और जंगल का फायदा उठाते हुए फरार हो गए। पुलिस ने मौके से सभी 10 गौवंशों को सुरक्षित बरामद कर लिया। इसके बाद पशु चिकित्सक से उनका स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया गया।

गौ तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज

मामले में मनोरा चौकी पुलिस ने छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6 और 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 की धारा 11(1)(क) एवं 11(1)(घ) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार पतासाजी कर रही है।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में मनोरा चौकी प्रभारी उप निरीक्षक विवेक कुमार भगत, सहायक उप निरीक्षक शांति प्रमोद टोप्पो, प्रधान आरक्षक निर्मल बड़ा तथा आरक्षक शैलेन्द्र तोमर और सुधीर मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी ने कहा—जारी रहेगा ऑपरेशन शंखनाद

जशपुर के डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि मनोरा क्षेत्र से 10 गौवंशों को तस्करों के चंगुल से छुड़ाया गया है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मामले में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और गौ तस्करी के खिलाफ ऑपरेशन शंखनाद लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *