Headlines

राशन दुकान निलंबित होने के बाद विवाद, महिला समूह की अध्यक्ष ने अधिकारी से किया दुर्व्यवहार

रायपुर। राजधानी रायपुर के उरला क्षेत्र में शासकीय उचित मूल्य दुकान के निलंबन के बाद विवाद का मामला सामने आया है। सहायक खाद्य अधिकारी पूनम सिंह ने उरला थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने सिधवाहिनी महिला स्व सहायता समूह की अध्यक्ष राजकुमारी कन्नौजिया पर शासकीय कार्य में बाधा डालने, गाली-गलौज करने और दूसरे समूह को दुकान का प्रभार देने से रोकने के लिए धमकी देने का आरोप लगाया है।

शिकायत के अनुसार, 5 अक्टूबर 2026 को उरला स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान आईडी क्रमांक 441006011 की जांच की गई थी। यह दुकान सिधवाहिनी महिला स्व सहायता समूह द्वारा संचालित की जा रही थी, जिसकी अध्यक्ष राजकुमारी कन्नौजिया हैं। जांच में मिली अनियमितताओं के संबंध में खाद्य शाखा ने 7 अक्टूबर को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर लिखित जवाब मांगा था।

बताया गया है कि समूह की ओर से जवाब प्रस्तुत किया गया, लेकिन विभाग ने उसे संतोषजनक नहीं माना। इसके बाद कलेक्टर कार्यालय की खाद्य शाखा ने 12 अक्टूबर 2026 को आदेश जारी कर संबंधित उचित मूल्य दुकान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही दुकान को आगामी आदेश तक पराग खाद्य सुरक्षा पोषण एवं उपभोक्ता सेवा सहकारी समिति मर्यादित की दुकान आईडी क्रमांक 441006012 से संलग्न कर दिया गया।

प्रभार सौंपने के दौरान विवाद का आरोप

सहायक खाद्य अधिकारी पूनम सिंह के अनुसार, आदेश के पालन में वह भावेश कुमार और संबंधित दुकान के विक्रेता यश साहू के साथ उरला-पठारीडीह रोड स्थित उचित मूल्य दुकान पहुंची थीं। आरोप है कि वहां राजकुमारी कन्नौजिया अपनी समूह की महिलाओं के साथ पहुंचीं और विरोध करते हुए शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि समझाने के बावजूद राजकुमारी कन्नौजिया ने गाली-गलौज की और किसी दूसरे समूह को दुकान का प्रभार नहीं देने की बात कहते हुए जोर-जोर से चिल्लाने लगीं। मामले में सहायक खाद्य अधिकारी ने उरला थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस द्वारा शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *