Headlines

दोस्ती ने किस्मत ही पलट दी, पुलिसवाले बने 5 दोस्त

बस्ती। उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के दुबौलिया विकासखंड स्थित नांदेकुआं गांव के पांच दोस्तों ने उत्तर प्रदेश पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा में सफलता हासिल की है। पांचों बचपन के दोस्त हैं और गांव में रहकर एक साथ तैयारी करते थे। उनकी इस सफलता से परिवारों में खुशी का माहौल है और ग्रामीणों ने भी उन्हें बधाई दी है।

पुलिस भर्ती में चयनित युवाओं में अंकेश सत्यम दुबे, आदर्श द्विवेदी, दीपक दुबे, आदित्यनाथ दुबे उर्फ उत्कर्ष दुबे और रोहित प्रजापति शामिल हैं। पांचों ने अपनी पढ़ाई अलग-अलग स्कूलों से पूरी की, लेकिन नौकरी की तैयारी के दौरान साथ बने रहे।

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए पांचों दोस्तों ने किसी बड़े शहर या महंगे कोचिंग संस्थान का रुख करने के बजाय गांव में ही पढ़ाई करने का फैसला किया। वे नियमित रूप से एक साथ बैठकर पढ़ाई करते, नोट्स तैयार करते और सवालों का अभ्यास करते थे।

उनकी मेहनत रंग लाई और पांचों का एक साथ उत्तर प्रदेश पुलिस में चयन हो गया। इसकी जानकारी मिलने के बाद गांव में खुशी का माहौल बन गया। परिजनों और ग्रामीणों ने मिठाइयां बांटकर खुशी मनाई।

पांचों दोस्तों की सफलता से यह संदेश मिलता है कि मेहनत, लगन और आपसी सहयोग से सीमित संसाधनों में भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *