Headlines

दुर्ग में जेवर चोरी का खुलासा, रिश्तेदार ही निकला आरोपी, पूरे गहने बरामद

दुर्ग। जिले के नंदिनी नगर थाना क्षेत्र के ग्राम रवेलीडीह में रिश्तेदार के घर से सोने-चांदी के जेवरात चोरी करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी सोहेल अली (20 वर्ष) की निशानदेही पर चोरी किए गए करीब 60 हजार रुपये मूल्य के सभी जेवरात बरामद कर लिए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल दुर्ग भेजा गया है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम रवेलीडीह में 14 और 15 अक्टूबर 2026 की दरमियानी रात रूबिना बेगम के घर से सोने-चांदी के जेवरात चोरी हो गए थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रार्थिया ने 15 अक्टूबर को नंदिनी नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने चोरी और गृह-अतिचार से संबंधित अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।

मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और उपलब्ध साक्ष्यों के साथ मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर संदेहियों की पतासाजी की। जांच में प्रार्थिया के रिश्तेदार सोहेल अली की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए सोने-चांदी के सभी जेवरात बरामद कर जब्त कर लिए गए। बरामद जेवरात की अनुमानित कीमत 60 हजार रुपये बताई गई है।

मध्यप्रदेश का रहने वाला है आरोपी

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सोहेल अली (20 वर्ष), निवासी गौरव नगर, वार्ड क्रमांक 03, जिला बालाघाट, मध्यप्रदेश के रूप में हुई है। नंदिनी नगर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया है। पुलिस की इस कार्रवाई से चोरी गए जेवरात की शत-प्रतिशत बरामदगी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *