Headlines

बैटरी चोर गिरोह का पर्दाफाश, ट्रकों को बनाते थे निशाना, 6 शातिर गिरफ्तार

दुर्ग। भिलाई में खड़े ट्रकों और ट्रेलर वाहनों से बैटरी चोरी करने के मामले में भिलाई भट्ठी पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर चोरी की 19 बैटरियां बरामद की हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल एक स्कूटी और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। पुलिस ने सभी 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी बीएसपी क्षेत्र के मेन गेट जाने वाले मार्ग, बोरिया गेट और चाइना मार्केट के आसपास खड़े ट्रकों तथा ट्रेलर वाहनों को निशाना बनाते थे। मामले में चोरी की बैटरियां खरीदने और बेचने में शामिल लोगों की भूमिका को लेकर भी पूछताछ की गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 15 अक्टूबर को एक प्रार्थी ने भिलाई भट्ठी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 14 अक्टूबर को एचटीसी प्राइवेट कंपनी का ट्रक क्रमांक CG 04 NJ 2317 मुर्गा चौक, सेक्टर-1, भिलाई स्थित ओवरब्रिज के नीचे खड़ा किया था। इसके बाद वह घर चला गया। अगले दिन ट्रक की जांच करने पर उसमें लगी बैटरी गायब मिली।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध चोरी की बैटरियां बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जांच आगे बढ़ने पर ट्रकों और ट्रेलर वाहनों से बैटरियां चोरी करने तथा उन्हें बेचने से जुड़ी जानकारी सामने आई।

पुलिस ने मामले में अन्य संदिग्धों से भी पूछताछ की। आरोपियों से मिली जानकारी और उनकी निशानदेही पर कुल 19 बैटरियां बरामद की गईं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल स्कूटी क्रमांक CG 07 CJ 1689 और मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 BD 0749 भी जब्त की है।

पुलिस के अनुसार, चोरी की बैटरियां बेचने के लिए ग्राहक तलाशने और उनकी खरीद-बिक्री में शामिल लोगों की भूमिका की भी जांच की गई। मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम वेदप्रकाश शुक्ला उर्फ मुलायम, आदर्श सिंह, जसबीर सिंह , अरविन्द सोनकर उर्फ बाहूबली, लुकेश कुमार ओगरे और विकास शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *