Headlines

रिश्तेदार के घर जाने की जिद में पत्नी ने नहीं बनाई खाना, पति ने किया कत्ल

रायगढ़। जिले के पुसौर थाना क्षेत्र के ग्राम सूपा में पत्नी की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी पति अमृत लाल महंत को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, मामूली घरेलू विवाद के दौरान आरोपी ने अपनी पत्नी रूप कुंवर महंत (41 वर्ष) पर फावड़े से हमला किया था, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी की तबीयत बिगड़ने और रक्तचाप अत्यधिक बढ़ने के कारण उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के बाद स्वास्थ्य में सुधार होने पर पुलिस ने उससे पूछताछ की और गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल फावड़ा और घटना के समय आरोपी द्वारा पहने गए कपड़े भी जब्त किए हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 10 अक्टूबर 2026 की रात की है। मृतका के बेटे सूरज दास महंत ने पुलिस को बताया कि वह अडानी प्लांट में ड्यूटी करने के बाद रात करीब 8:30 बजे घर लौटा था। वहां उसकी मां रूप कुंवर महंत घर की परछी में जमीन पर अचेत अवस्था में पड़ी थीं, जबकि पिता अमृत लाल महंत उनके पास बैठे हुए थे।

बेटे ने मां को उठाने की कोशिश की, लेकिन उनके शरीर में कोई हलचल नहीं हुई। उनके कान से खून निकल रहा था और दोनों हाथों की कलाइयों के ऊपर चोट के निशान थे। घर में जगह-जगह खून के छींटे भी दिखाई दे रहे थे। पिता से पूछने पर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिली। इसके बाद बेटे ने अपने भाई और आसपास के लोगों को बुलाया और मां को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुसौर ले गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया। शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गंभीर रक्तस्राव से उत्पन्न रक्तस्रावी आघात (हेमरेजिक शॉक) को मौत का कारण बताया गया। इसके बाद पुलिस ने अपराध क्रमांक 258/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुसौर थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस ने एफएसएल और फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कराया। जांच के दौरान घर के फर्श, पलंग के पाए, फ्रिज, कूलर, कपड़ों और दीवारों पर खून के निशान मिले। घटनास्थल पर मिले फावड़े और लकड़ी के डंडे की भी जांच की गई। प्रारंभिक जांच में घटना के समय घर में पति-पत्नी के अलावा किसी अन्य व्यक्ति की मौजूदगी सामने नहीं आने पर पुलिस का संदेह पति अमृत लाल महंत पर गहराया।

पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद अमृत लाल महंत का रक्तचाप काफी बढ़ गया था, जिसके कारण उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुसौर में भर्ती कराया गया। इस दौरान पुलिस टीम अस्पताल में उस पर नजर रखे हुए थी। स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद उसे थाने लाकर पूछताछ की गई।

पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना वाली रात उसकी पत्नी खाना बनाने से इनकार कर रही थी और ग्राम रैबार स्थित अपने रिश्तेदार के घर जाने की जिद कर रही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जो बढ़ गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने फावड़े से हमला कर पत्नी की हत्या करना स्वीकार किया है।

पुसौर पुलिस ने मामले में वारदात में इस्तेमाल फावड़ा, घटना के समय आरोपी द्वारा पहने गए कपड़े और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए हैं। आरोपी अमृत लाल महंत को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *