बिलासपुर। रेलवे स्टेशन के सामने शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर एक युवक से मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पैसे देने से इनकार करने पर दो युवकों ने गाली-गलौज करते हुए पेपर कटर से प्रार्थी पर हमला कर दिया। मामले में तारबाहर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी कौशल सिंह (48 वर्ष), निवासी पंडरिया, थाना जैतहरी, जिला अनूपपुर, अपने साथी लखन सिंह के साथ मेमो ट्रेन से सीताफल बेचने के लिए बिलासपुर पहुंचा था। 15 अक्टूबर 2026 की रात करीब 11 बजे दोनों रेलवे स्टेशन बिलासपुर के गेट नंबर-1 पर टिकट घर के सामने रुके हुए थे।
इसी दौरान आरोपी आशिक ननहेट (22 वर्ष), निवासी बापू नगर, थाना तोरवा, बिलासपुर और उसके साथी ने कथित तौर पर शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पैसे देने से मना करने पर दोनों ने गाली-गलौज करते हुए प्रार्थी के साथ मारपीट की और पेपर कटर से हमला कर दिया। घटना की रिपोर्ट पर थाना तारबाहर में अपराध क्रमांक 357/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी आशिक ननहेट को गिरफ्तार किया और घटना में इस्तेमाल किया गया एक पेपर कटर जब्त किया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं, मामले में शामिल विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया है।