अभिजीत दिपके गिरफ्तार, कुछ देर में कोर्ट में पेश कर सकती है पुलिस

दिल्ली। दिल्ली में ‘लहरा दो तिरंगा’ प्रदर्शन से पहले पुलिस ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके को गिरफ्तार कर लिया। उनके खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 126/170 के तहत कार्रवाई की गई है। उन्हें आज स्पेशल एग्जिक्यूटिव मजिस्ट्रेट (SEM) कोर्ट में पेश किया जाएगा।

दिल्ली पुलिस कोर्ट में यह मुद्दा उठाएगी कि अभिजीत दिपके ने पीस बॉन्ड की शर्तों का उल्लंघन किया है।

वहीं, ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की अध्यक्ष नेहा बोरा को शनिवार को हिरासत से रिहा कर दिया गया। उन्हें भी शुक्रवार को प्रदर्शन से पहले हिरासत में लिया गया था। संगठन के अनुसार, नेहा बोरा को आर.के. पुरम पुलिस स्टेशन में रखा गया था। AISA ने दावा किया कि उन्हें कई घंटों तक अलग-अलग जगहों पर ले जाया गया।

रिहाई के बाद नेहा बोरा ने दिल्ली पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि लोगों को पूरी रात हिरासत में रखना किस कानून या आदेश के तहत जायज है। उन्होंने यह भी दावा किया कि पुलिस ने काफी देर तक उन्हें अपने वकील से बात नहीं करने दी।

नेहा बोरा के मुताबिक, उनके वकीलों ने उनसे संपर्क करने के लिए 5 से 6 घंटे तक कोशिश की। बाद में फोन पर संपर्क होने के बाद वकीलों को उनसे मिलने की अनुमति मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *