दुर्ग में मछुआरों से लूटपाट का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, हथियार और बाइक जब्त

दुर्ग। जिले में मछुआरों से गांजा मांगने की बात पर विवाद के बाद उन पर धारदार हथियार से हमला कर लूटपाट करने का मामला सामने आया है। घटना महमरा अनिकेत के पास की है। मामले में पुलगांव पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से मोबाइल फोन, वारदात में इस्तेमाल धारदार हथियार, मोटरसाइकिल और प्लास्टिक का पिस्टलनुमा खिलौना बरामद किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 17 सितंबर की है। प्रार्थी और अन्य मछुआरे महमरा अनिकेत के पास मछली पकड़ने गए थे। रात में जब वे वहां सो रहे थे, तभी आरोपी पहुंचे। गांजा मांगने की बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपियों ने प्रार्थी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया और उसका मोबाइल फोन व नगदी रकम लूटकर मोटरसाइकिल से फरार हो गए।

घटना की शिकायत पर थाना पुलगांव में अपराध क्रमांक 824/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(6), 3(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की। इसके बाद 16 अक्टूबर 2026 को सोहेल निषाद और साहिल खान सुपेला को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, घटना में इस्तेमाल धारदार हथियार, मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 0527 और प्लास्टिक का पटाखा फोड़ने वाला पिस्टलनुमा खिलौना जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *