महिलाओं को लोन दिलाने का काम करने पर पत्नी से विवाद, पति ने डंडे से पीटा

दुर्ग। जिले के जामुल थाना क्षेत्र के ढौर गांव में एक महिला ने अपने पति पर गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी देने और बांस के डंडे से मारपीट करने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि वह स्व सहायता समूह से जुड़ी है और जरूरतमंद महिलाओं को लोन दिलाने में मदद करती है। इसी बात को लेकर पति ने उसके साथ मारपीट की। मामले में महिला ने जामुल पुलिस को शिकायत दी है।

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, वार्ड क्रमांक 17 सतनामी पारा, ढौर निवासी किरण चंद्रवंशी स्व सहायता समूह से जुड़ी हैं। वह जरूरतमंद महिलाओं को लोन दिलाने का काम करती हैं, जिसके कारण ग्रामीण महिलाओं का उनके घर आना-जाना रहता है।

किरण के मुताबिक, 14 अक्टूबर को भी कुछ महिलाएं लोन के संबंध में उनके घर आई थीं। उनके जाने के बाद दोपहर करीब 2:30 बजे घर पर मौजूद उनके पति मोहित कुमार चंद्रवंशी ने घर में किसी महिला या पुरुष को नहीं बुलाने की बात कहते हुए विवाद शुरू कर दिया।

आरोप है कि पति ने गाली-गलौज करते हुए उन्हें घर से निकल जाने को कहा और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद बांस के डंडे से मारपीट की, जिससे किरण के बाएं हाथ की कलाई, दाएं कंधे और चेहरे पर चोटें आईं। महिला ने बाईं आंख के पास भी चोट लगने की बात कही है। महिला ने मामले की शिकायत जामुल पुलिस से की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *