महाराष्ट्र। ठाणे जिले में कर्ज के पैसे को लेकर एक परिवार को परेशान करने और धमकियां देने के आरोप में पुलिस ने एक साहूकार के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोप है कि 18 हजार रुपये के कर्ज को लेकर साहूकार ने परिवार से बढ़े हुए ब्याज के नाम पर 20,500 रुपये की मांग की और युवक को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। इसके कुछ दिन बाद युवक की अस्पताल में मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान आबिद सैयद (42 वर्ष) के रूप में हुई है। उसके खिलाफ डोंबिवली पूर्व के तिलकनगर थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और महाराष्ट्र मनी-लेंडिंग (रेगुलेशन) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता शम्मू बापुमिया पिंजारी (60 वर्ष) ने पुलिस को बताया कि उनके परिवार ने मई 2025 में आरोपी से 18 हजार रुपये उधार लिए थे। शिकायत के मुताबिक, कर्ज चुकाने के लिए 40 दिनों तक रोजाना 300 रुपये देने की शर्त रखी गई थी। परिवार का आरोप है कि उन्होंने किश्तों में कुल 7,500 रुपये नकद चुकाए, इसके बावजूद आरोपी ब्याज को लेकर लगातार परेशान कर रहा था।
आरोप है कि 8 अक्टूबर को आरोपी उनके घर पहुंचा और शिकायतकर्ता के बेटे को धमकाते हुए बढ़े हुए ब्याज के नाम पर तत्काल 20,500 रुपये मांगे। उसने कथित तौर पर दो दिन के भीतर पैसे नहीं देने पर युवक के नाखून उखाड़ने, घावों पर लाल मिर्च लगाने और उंगलियां काटने जैसी धमकियां दीं। पुलिस अधिकारी के अनुसार, इन धमकियों के बाद युवक गंभीर मानसिक तनाव में आ गया और उसकी तबीयत बिगड़ गई। उसे मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। अधिकारी के मुताबिक, आरोपी फिलहाल फरार है। युवक की मौत और धमकियों के बीच संबंध की पुष्टि जांच के तथ्यों और चिकित्सा संबंधी जानकारी के आधार पर होनी बाकी है।