बिलासपुर। जिले के चकरभाठा थाना क्षेत्र के ग्राम बोड़सरा में एक दिव्यांग युवती के साथ बलात्कार मामले में पुलिस ने 55 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पर पीड़िता को जान से मारने की धमकी देकर दुष्कर्म करने का आरोप है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, 4 अक्टूबर को पीड़िता के परिजन ने चकरभाठा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि गांव का रहने वाला माखन लाल धृतलहरे घर में घुसा और पीड़िता को जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान पीड़िता की दूसरी बहन ने आरोपी को देख लिया, जिसके बाद वह घर के पिछले दरवाजे से भाग गया।
मामले की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद चकरभाठा पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए टीम गठित की। पुलिस के मुताबिक, आरोपी फरार होने की कोशिश में था। इसी दौरान घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ के दौरान पुलिस ने आरोपी द्वारा घटना को अंजाम देना स्वीकार करने की बात कही है।
पुलिस ने आरोपी माखन लाल धृतलहरे, उम्र 55 वर्ष, निवासी ग्राम बोड़सरा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331, 351(3) और 64(1) के तहत कार्रवाई की है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।