40 श्रद्धालुओं को ट्रक ने रौंदा, मंदिर के पास भयानक एक्सीडेंट, 12 की मौत

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। शीतला माता मंदिर जा रहे श्रद्धालुओं को धान से लदे एक बेकाबू ट्रक ने कुचल दिया। इस हादसे में अब तक 12 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 29 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में 5 से 6 लोगों की हालत गंभीर है। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, हादसा रात करीब 1 से 1:30 बजे के बीच हुआ। छिनोर की ओर से आने वाली सड़क पर तेज ढलान है, जहां भारी वाहनों के आने पर रोक है। बताया जा रहा है कि धान से लदा ट्रक पुलिस बैरिकेड्स तोड़कर अनियंत्रित हो गया और नीचे की ओर आकर मंदिर की बाहरी दीवार और गेट से टकरा गया। इस दौरान सड़क पर मौजूद श्रद्धालु ट्रक की चपेट में आ गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, ट्रक में क्षमता से अधिक सामान लदा था। बेकाबू ट्रक ने कुछ दुकानों और वहां मौजूद लोगों को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में प्रत्यक्षदर्शी के भाई को भी चोटें आई हैं।

घटना की सूचना मिलते ही जिला कलेक्टर, एसएसपी और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। ग्वालियर के एसएसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि हादसे में कुल 39 लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया, जिनमें से 12 की मौत हो गई है। घायलों में कुछ लोगों को गंभीर चोटें और फ्रैक्चर हुए हैं। हादसे में मौके पर तैनात दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज चल रहा है।

पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों और घायलों की पहचान करने के साथ ही हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *