प्रेम विवाह की तैयारी के बीच खूनी विवाद, पिता ने बेटी के प्रेमी की हत्या करने की कोशिश की

दुर्ग। जिले के जामुल थाना क्षेत्र में प्रेम संबंध और आधार कार्ड को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने युवक की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर धारदार हथियार से वार किया। मामले में पुलिस ने 48 वर्षीय आरोपी जो लड़की के पिता है, दीपक गुप्ता उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 15 अक्टूबर की रात करीब 9:30 बजे शिवपुरी क्षेत्र की है। शिकायतकर्ता अमित कुमार बंजारे अपनी प्रेमिका किरण गुप्ता के साथ आरोपी दीपक गुप्ता के पास पहुंचा था। इस दौरान विवाह के लिए आधार कार्ड मांगने की बात को लेकर विवाद हो गया।

पुलिस के अनुसार, विवाद के बाद आरोपी ने अमित को नया मकान दिखाने के बहाने शिवपुरी क्षेत्र की ओर ले गया। वहां उसने युवक की आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया और धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले के दौरान अमित और किरण ने वहां से भागकर अपनी जान बचाई।

घटना में घायल अमित को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे दुर्ग रेफर किया गया। घटना की शिकायत पर जामुल थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 779/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस ने घायल युवक और गवाहों के बयान दर्ज किए तथा घटना में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार जब्त कर लिया। जांच के दौरान आरोपी दीपक गुप्ता (48 वर्ष), निवासी कैंप-01, जलेबी चौक, दीदार स्टूडियो के पीछे, थाना छावनी, दुर्ग को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *