बिलासपुर। शहर में पूर्व प्रेम संबंध को लेकर युवती के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि ब्रेकअप के करीब 15 दिन बाद युवक ने युवती का रास्ता रोककर गाली-गलौज की और बेल्ट व थप्पड़ों से मारपीट की। घटना में युवती के चेहरे, गाल, गर्दन और जांघ में चोटें आई हैं। पीड़िता ने सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत के अनुसार, तालापारा संजय नगर निवासी युवती राजपाल ट्रेडर्स बूट हाउस शोरूम में काम करती है। उसका चांटीडीह रामायण चौक निवासी 26 वर्षीय अमन साहू के साथ पहले प्रेम संबंध था। युवती के मुताबिक, करीब 15 दिन पहले दोनों का ब्रेकअप हो गया था।
युवती ने पुलिस को बताया कि 16 अक्टूबर की रात 8:30 बजे वह अपनी स्कूटी से दुकान से घर जा रही थी। इसी दौरान मनोहर बूट हाउस सिटी सेंटर के पास अमन साहू ने उसका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि युवक ने दूसरे लोगों से बातचीत करने और उसका फोन नहीं उठाने की बात कहते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी।
युवती के विरोध करने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी और थप्पड़ व बेल्ट से मारपीट की। घटना में चोट लगने के बाद युवती ने सिटी कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।