बिलासपुर। जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम परसदा में 12 साल के बच्चे के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि राजा सूर्यवंशी को बुलाने से मना करने पर उमेंद्र सूर्यवंशी ने बच्चे को गाली देते हुए हाथ में रखे टंगिया से हमला कर दिया। घटना में बच्चे के माथे पर चोट आई है। आरोपी पर बच्चे के पिता को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है।
पीड़ित के पिता ओमप्रकाश सूर्यवंशी ने रतनपुर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 17 अक्टूबर की सुबह करीब 7 बजे उनका 12 वर्षीय छोटा बेटा शिवशंकर सूर्यवंशी घर के आंगन में खेल रहा था। इसी दौरान वहां उमेंद्र सूर्यवंशी पहुंचा और बच्चे से राजा सूर्यवंशी को बुलाकर लाने के लिए कहा।
शिकायत के अनुसार, बच्चे ने जाने से मना किया तो आरोपी ने कथित तौर पर गाली-गलौज शुरू कर दी और हाथ में रखे टंगिया से मारपीट की। इससे बच्चे के माथे पर चोट लग गई। घटना के दौरान जयप्रकाश कर्कवाल और संतोषी बाई कर्कवाल के मौजूद रहने और बीच-बचाव करने की बात भी शिकायत में कही गई है।
ओमप्रकाश सूर्यवंशी ने बताया कि घटना के बाद आरोपी ने पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद वह अपने बेटे को साथ लेकर रिपोर्ट दर्ज कराने रतनपुर थाने पहुंचे। पुलिस में दी गई शिकायत के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।