कोरबा में जसगीत टोली सड़क हादसे का शिकार, दो की मौत

कोरबा। जिले में तेज रफ्तार बुलेट की टक्कर से दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि हादसे में कुछ अन्य महिलाएं और बाइक चालक घायल हो गए। महिलाएं मादर-ढोल लेकर ठाकुर देवता स्थल पर जसगीत गाने जा रही थीं। इसी दौरान गोपालपुर मुख्य मार्ग पर यह दर्दनाक हादसा हुआ। घटना दर्री थाना क्षेत्र की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, महिलाओं की टोली मादर-ढोल लेकर ठाकुर देवता स्थल पर जसगीत गाने जा रही थी। इसी दौरान गोपालपुर मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार बुलेट बाइक क्रमांक CG 12 AR 8993 के चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और महिलाओं को टक्कर मार दी।

हादसे में कुछ महिलाओं के साथ बाइक चालक को भी गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद राहगीरों ने डायल 112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही आपातकालीन टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने दो महिलाओं को मृत घोषित कर दिया।

मृत महिलाओं की पहचान ब्रिंदा बाई महंत और शकुंतला बाई महंत के रूप में हुई है। दोनों आपस में रिश्तेदार थीं। वहीं, हादसे में घायल बाइक चालक राहुल का अस्पताल में इलाज जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *