जशपुर। जिले के लोदाम थाना पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पहले मामले में शासकीय डायल-112 वाहन में तोड़फोड़ कर आरक्षक को घायल करने के आरोप में योगेश कुमार भगत को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, दूसरे मामले में शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म करने और गर्भवती होने के बाद शादी से इनकार करने के आरोप में जगदेव सिंह को गिरफ्तार किया गया है।
पहले मामले में डायल-112 वाहन के चालक रोशन टोप्पो ने पुलिस को बताया कि 15 अक्टूबर 2026 की रात करीब 1:45 बजे लोदाम मंडी बैरियर के पास सार्वजनिक स्थान पर हथियार लहराने की सूचना मिली थी। सूचना पर वह आरक्षक जीतेश कुमार ध्रुव के साथ मौके पर पहुंचे। वहां योगेश कुमार भगत धारदार दाउली लहराता हुआ मिला। पुलिस टीम द्वारा पूछताछ किए जाने पर आरोपी ने विवाद करते हुए जान से मारने की धमकी दी और डायल-112 वाहन का दरवाजा खोलने का प्रयास किया।
दरवाजा नहीं खुलने पर उसने दाउली से वाहन पर हमला कर दिया, जिससे वाहन के बाईं ओर के दोनों दरवाजों के शीशे टूट गए। शीशे के टुकड़े लगने से आरक्षक जीतेश कुमार ध्रुव घायल हो गए।मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 65/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान 30 वर्षीय योगेश कुमार भगत, निवासी लोदाम, को गिरफ्तार किया गया।
आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई लोहे की दाउली भी जब्त की गई।दूसरे मामले में 26 वर्षीय युवती ने 17 अक्टूबर 2026 को अपने परिजनों के साथ थाना लोदाम पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। युवती के अनुसार, अप्रैल 2023 में एक पारिवारिक विवाह समारोह के दौरान उसकी पहचान जगदेव सिंह से हुई थी। आरोप है कि इसके बाद जगदेव सिंह ने शादी का भरोसा देकर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए।
युवती ने शिकायत में बताया कि गर्भवती होने की जानकारी देने के बाद आरोपी उसे गर्भावस्था की जांच के लिए जशपुर के एक क्लिनिक भी ले गया था। हालांकि, बाद में उसने शादी करने से इनकार कर दिया, जिसके बाद युवती ने पुलिस से शिकायत की।युवती की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 64/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया।
जांच के दौरान महिला पुलिस अधिकारी ने पीड़िता का बयान दर्ज किया और उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। पुलिस ने प्रकरण से संबंधित मोबाइल फोन और सोनोग्राफी रिपोर्ट भी जब्त की। मामले में आरोपी जगदेव सिंह, उम्र 24 वर्ष, निवासी थाना दुलदुला क्षेत्र के एक गांव, को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।दोनों मामलों में कार्रवाई थाना प्रभारी लोदाम निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका रही।