रायपुर। राजधानी में घरेलू विवाद के दौरान छह माह की मासूम बच्ची के साथ क्रूरता का मामला सामने आया है। आरोप है कि आपसी लड़ाई-झगड़े के दौरान पिता ने अपनी ही छह माह की बच्ची को दो बार जमीन पर पटक दिया, जिससे उसके सिर में अंदरूनी चोट आई और वह बेहोश हो गई।
घायल बच्ची को उपचार के लिए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), रायपुर में भर्ती कराया गया है। मामले में सरस्वती नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को घटना की सूचना मिलने के बाद करीब एक घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
घरेलू विवाद के दौरान मासूम के साथ मारपीट का आरोप
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया की मां की रिपोर्ट पर पुलिस को बताया गया कि उसके पति आशीष कांवरिया ने 14 अक्टूबर 2026 की रात करीब 1 बजे आपसी विवाद के दौरान छह माह की बच्ची को दो बार जमीन पर पटक दिया। इससे बच्ची के सिर में अंदरूनी चोट आई और वह बेहोश हो गई। परिजनों ने बच्ची को उपचार के लिए एम्स में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई। थाना सरस्वती नगर में अपराध क्रमांक 237/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(2), 115(2) और 109 के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।रायपुर पश्चिम के पुलिस उपायुक्त रॉबिन्सन गुरिया (भा.पु.से.) एवं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा के निर्देशन तथा सहायक पुलिस आयुक्त डॉ. मानसी नाना भाऊ साकोरे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी चेतन चंद्राकर के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
घंटेभर के भीतर आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी आशीष कांवरिया, पिता सुदर्शन कांवरिया, निवासी बीएसयूपी कॉलोनी, को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं, छह माह की मासूम बच्ची वर्तमान में एम्स, रायपुर में उपचाररत है।फिलहाल बच्ची के स्वास्थ्य को लेकर सभी की नजरें उसके उपचार पर टिकी हैं।