रायगढ़। अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई के दौरान शासकीय कार्य में बाधा डालने और पुलिस टीम के साथ धक्का-मुक्की करने के आरोप में जूटमिल पुलिस ने तीन महिलाओं समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। मामला ग्राम गढ़उमरिया का है, जहां पुलिस ने शराब रेड के दौरान एक युवक के कब्जे से 66 पाव देशी शराब और 400 रुपये नकद जब्त किए थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ दो अलग-अलग अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 22 अक्टूबर की रात जूटमिल थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम गढ़उमरिया निवासी पिताम्बर उर्फ फुंदु लहरे अवैध रूप से शराब बनाकर बेच रहा है। सूचना पर प्रशिक्षु उप निरीक्षक दिव्या बंजारे के नेतृत्व में पुलिस टीम गांव पहुंची। गवाहों की मौजूदगी में संदिग्ध के मकान के पास घेराबंदी की गई। इसी दौरान थैला लेकर भाग रहे एक व्यक्ति को पुलिस ने दौड़ाकर पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान पिताम्बर लहरे (24 वर्ष) के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान उसके पास रखे थैले से 180 एमएल की प्लास्टिक बोतलों में भरी देशी मसाला शराब के 66 पाव बरामद हुए। शराब की कुल मात्रा 11.880 बल्क लीटर और अनुमानित कीमत 5,600 रुपये बताई गई है। इसके अलावा शराब बिक्री की 400 रुपये नकद राशि भी जब्त की गई।
आरोपी को छुड़ाने पहुंचीं महिलाएं, पुलिस से विवाद
पुलिस के अनुसार, जब्त सामग्री की कार्रवाई और वीडियोग्राफी के दौरान पिताम्बर ने पुलिस के कब्जे से निकलकर भागने का प्रयास किया। इसी दौरान घर की महिलाओं के आवाज लगाने पर अन्य महिलाएं भी मौके पर पहुंच गईं। आरोप है कि बीना लहरे, दुमेश्वरी लहरे और रजनी मिरी ने पुलिस टीम के साथ गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की तथा प्रशिक्षु उप निरीक्षक दिव्या बंजारे के शासकीय कार्य में बाधा डाली। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए संबंधित लोगों को अभिरक्षा में लिया।
दो अलग-अलग अपराध दर्ज, चारों न्यायिक रिमांड पर
पुलिस ने अवैध शराब की बरामदगी के मामले में अपराध क्रमांक 651/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) और 59(क) में मामला दर्ज किया है। वहीं, शासकीय कार्य में बाधा डालने और लोक सेवक को कर्तव्य निर्वहन से रोकने सहित अन्य आरोपों में अपराध क्रमांक 654/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया।
इस मामले में पिताम्बर उर्फ फुंदु लहरे, उसकी पत्नी बीना लहरे (26 वर्ष), दुमेश्वरी लहरे (50 वर्ष) और रजनी मिरी (30 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। रजनी मिरी ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले की निवासी है, जबकि अन्य आरोपी ग्राम गढ़उमरिया के निवासी बताए गए हैं।
रायगढ़ पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार और शासकीय कार्य में बाधा डालने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई करने की बात कही है। यह कार्रवाई जिले में अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत की गई।