मैकेनिक ने महिला टीचर और बच्चे का किया था मर्डर, सूरजपुर पुलिस का खुलासा

सूरजपुर। जिले के बहुचर्चित मां-बेटे के दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने 13 दिन बाद खुलासा करते हुए आरोपी प्रवेश कुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, मोटर पार्ट्स के कारोबार में हुए आर्थिक नुकसान और पैसों की जरूरत के चलते आरोपी ने शिक्षिका रजनी बरेठ की हत्या की साजिश रची थी। वह मृतका की सहेली का पति है और मूल रूप से हरियाणा का रहने वाला बताया गया है। पुलिस के अनुसार, वारदात के दौरान रजनी के बेटे सुजल की भी हत्या कर दी गई, ताकि वह घटना का गवाह न बन सके।

पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल के मुताबिक, प्रवेश कुमार मोटर पार्ट्स के कारोबार में नुकसान होने के कारण आर्थिक परेशानी से गुजर रहा था। इसी दौरान उसे जानकारी मिली कि उसकी पत्नी की सहेली रजनी बरेठ ने करीब 19 लाख रुपये का लोन लिया है। पैसों के लालच में आरोपी ने रजनी को निशाना बनाने की योजना बनाई। पुलिस के अनुसार, आरोपी रजनी के घर पहुंचा, जहां विवाद के दौरान उसने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस की जांच में सामने आया कि वारदात के समय रजनी का बेटा सुजल राज भी मौजूद था। आरोपी को डर था कि सुजल घटना का गवाह बन सकता है। इसी आशंका के चलते वह सुजल को कार में बैठाकर राय जंगल की ओर ले गया, जहां सीमेंट के खंभे के टुकड़े से वार कर उसकी हत्या कर दी।

इस मामले में 10 अक्टूबर को सुजल का शव महावीरपुर जंगल में मिला था। इसके अगले दिन शिक्षिका रजनी बरेठ का शव उनके किराये के मकान के बाथरूम से बरामद हुआ। मां-बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर अलग-अलग पहलुओं की पड़ताल की।

जांच के दौरान पुलिस ने करीब 60 से 70 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। संदिग्ध गतिविधियों और कार के नंबर के आधार पर पुलिस प्रवेश कुमार तक पहुंची। पूछताछ के दौरान कथित तौर पर उसने वारदात का खुलासा किया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने कार, स्टील की बोतल, सीमेंट के खंभे का टुकड़ा और मोबाइल फोन सहित कई अहम साक्ष्य बरामद किए हैं।

पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं और बरामद साक्ष्यों की जांच कर रही है। दोहरे हत्याकांड के खुलासे के बाद मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *