धमतरी। जिले में दानीटोला स्थित देशी-विदेशी शराब दुकान में छत की सीमेंट शीट तोड़कर चोरी करने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में दो संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद चोरी की शराब और नकदी बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, महात्मा गांधी वार्ड निवासी दुर्गेश सोनकर (34) दानीटोला स्थित शराब दुकान में मुख्य विक्रेता के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि दुकान बंद कर घर जाने के बाद अगली सुबह जब दुकान खोली गई, तो छत की सीमेंट शीट टूटी हुई मिली। दुकान के अंदर रखी अलमारी भी खिसकी हुई थी।
जांच करने पर गल्ले में रखे करीब 2,400 रुपये नकद और विभिन्न ब्रांड की शराब की बोतलें व पौवा गायब मिले। शिकायत के आधार पर सिटी कोतवाली थाना में अपराध क्रमांक 253/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4), 305(क) और 3(5) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
सीसीटीवी फुटेज से मिला अहम सुराग
विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज के विश्लेषण में एक संदिग्ध व्यक्ति चोरी की वारदात को अंजाम देते हुए दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने जयेश शर्मा और दानेश्वर बनबेर को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर व्हाइट रैबिट और सेवन हावर्स ब्रांड की शराब के पौवा तथा 1,000 रुपये नकद बरामद किए गए। नकदी में 20-20 रुपये के 50 नोट शामिल थे। जब्त सामग्री को गवाहों के समक्ष विधिवत जब्त किया गया।
धमतरी के रहने वाले हैं दोनों आरोपी
पुलिस ने आरोपियों की पहचान जयेश शर्मा (25 वर्ष), निवासी सुंदर बाजार, धमतरी और दानेश्वर बनबेर (25 वर्ष), निवासी बठेना पारा, जेल रोड, गौरा चौरा के पास, धमतरी के रूप में बताई है। पुलिस के मुताबिक, मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।