रायगढ़ जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 47 ग्राम अफीम और एक ब्रेजा कार जब्त की गई है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 8.10 लाख रुपये बताई गई है।
ढिमरापुर चौक के पास ग्राहक की तलाश में था आरोपी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 25 अक्टूबर को सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक अमित तिवारी को मुखबिर से सूचना मिली कि ढिमरापुर चौक के पास एक युवक सिल्वर रंग की ब्रेजा कार में अफीम रखकर बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना पर उप निरीक्षक विजय कुमार एक्का के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। उसकी पहचान अमरजीत सिंह (20 वर्ष), पिता रघुवीर सिंह, निवासी रामभांठा, जगतपुर, रायगढ़ के रूप में हुई।

कार की ड्राइवर सीट के नीचे मिली अफीम
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत तलाशी ली। इस दौरान कार की ड्राइवर सीट के नीचे काले रंग की प्लास्टिक पन्नी में रखी 47 ग्राम अफीम बरामद हुई। इसकी कीमत करीब 10 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने अफीम एक ट्रक चालक से खरीदने की बात बताई। इसके बाद पुलिस ने अफीम और घटना में इस्तेमाल की गई ब्रेजा कार (क्रमांक CG 13 AQ 4225) को जब्त कर लिया। कार की कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई गई है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी अमरजीत सिंह के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली में एनडीपीएस एक्ट की धारा 18(ग) के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।