कोरबा। जिले में हसदेव नदी में लापता हुए आरक्षक सुनील बेक का शव घटना के करीब 72 घंटे बाद सोमवार को बरामद किया गया। आरक्षक की बाइक केंदई के पास पुल पर खड़ी मिली थी। बाइक के पास ही उनका मोबाइल, पर्स, पुलिस आईडी कार्ड और आधार कार्ड भी मिला था। इसके बाद उनके नदी में छलांग लगाने की आशंका जताई गई थी।
जानकारी के अनुसार, 23 अक्टूबर को मोरगा चौकी क्षेत्र के केंदई के पास हसदेव नदी पर बने पुल पर बाइक क्रमांक CG 14 MX 1898 खड़ी मिली थी। बाइक के पास मोबाइल, पर्स और जरूरी दस्तावेज भी पड़े हुए थे। सूचना मिलने पर मोरगा चौकी प्रभारी मंगतू राम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बाइक सहित अन्य सामान बरामद किया। दस्तावेजों की जांच में बाइक आरक्षक सुनील बेक की होने की जानकारी सामने आई। वह सरगुजा जिले के प्रेमनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत तारापुर चौकी में आरक्षक के पद पर पदस्थ थे।
पुल पर बाइक और दस्तावेज मिलने के बाद पुलिस ने आरक्षक के नदी में छलांग लगाने की आशंका जताई थी। उनकी तलाश के लिए राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) के गोताखोरों की टीम को बुलाया गया था। लगातार तलाश के बाद सोमवार को उनका शव बरामद कर लिया गया। फिलहाल घटना के कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।